बड़े बकायादारों पर मेहरबानी, छोटे उपभोक्ताओं पर सख्ती जहांगीराबाद जोन के 20 बड़े बकायादारों की सूची जारी , लाखों रुपये बकाया फिर भी कार्रवाई सुस्त
Leniency towards major defaulters, strictness with small consumers List of 20 major defaulters in the Jahangirabad zone released; despite outstanding dues running into lakhs, action remains sluggish.

बड़े बकायादारों पर मेहरबानी, छोटे उपभोक्ताओं पर सख्ती
जहांगीराबाद जोन के 20 बड़े बकायादारों की सूची जारी , लाखों रुपये बकाया फिर भी कार्रवाई सुस्त
भोपाल यश भारत। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के शहर संभाग (दक्षिण) अंतर्गत जहांगीराबाद जोन ने लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले 20 बड़े बकायादारों की सूची तो जारी कर दी है लेकिन इन उपभोक्ताओं के खिलाफ अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आम उपभोक्ताओं का कहना है कि छोटे बकायादारों के कनेक्शन जल्द काट दिए जाते हैं जबकि लाखों रुपये बकाया रखने वाले बड़े उपभोक्ताओं पर विभाग की कार्रवाई बेहद सुस्त नजर आती है। विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार कई उपभोक्ताओं पर 70 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये से अधिक तक का बिजली बिल बकाया है। सूची में एक उपभोक्ता पर करीब 2.32 लाख रुपये की बकाया राशि दर्ज है जबकि कई अन्य उपभोक्ताओं पर भी एक लाख रुपये से अधिक का बिल लंबित है। इसके बावजूद अधिकांश मामलों में वसूली की कार्रवाई अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाई है। बिजली कंपनी ने बकायादारों को तत्काल बिल जमा करने की चेतावनी देते हुए कहा है कि भुगतान नहीं करने पर विद्युत अधिनियम के तहत कनेक्शन विच्छेदन बकाया राशि की वसूली और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि सवाल उठ रहा है कि जब बकाया लंबे समय से लंबित है तो अब तक सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई। विभाग का कहना है कि राजस्व वसूली अभियान के तहत बड़े बकायादारों की लगातार निगरानी की जा रही है और सभी को जल्द भुगतान करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। उपभोक्ताओं का मानना है कि केवल सूची जारी करने से राजस्व वसूली नहीं होगी बल्कि बड़े बकायादारों के खिलाफ समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई भी जरूरी है ताकि विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके।







