अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस एक्टिव, 14 आरोपी गिरफ्त में, 50 लीटर कच्ची एवं 44 पाव देशी शराब जप्त

कटनी, यशभारत। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले में अवैध शराब के विक्रय, निर्माण एवं परिवहन तथा जुआ जैसी असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं ऐसे कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के लिए सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। निर्देशों के पालन में निवार चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा द्वारा पुलिस टीम गठित कर ग्राम जरवाही एवं सुनेहरी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध दबिश दी गई। निवार पुलिस को ग्राम जरवाही में अवैध रूप से शराब विक्रय किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी। दबिश के दौरान प्यारे लाल कुम्हार पिता बौरा कुम्हार निवासी ग्राम जरवाही के कब्जे से 22 पाव शराब तथा शकुन बाई पति सुरेन्द्र शर्मा निवासी ग्राम जरवाही के कब्जे से 26 पाव शराब बरामद की गई। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 44 पाव शराब जप्त कर उनके विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। इसी तरह निवार चौकी द्वारा ग्राम सुनेहरी क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब के निर्माण एवं विक्रय की सूचना पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान सुमेर सिंह पिता नन्हे सिंह गोंड, विनय सिंह पिता नन्हे सिंह, सुखदेव सिंह पिता नन्हे सिंह एवं सुनील सिंह पिता शिव सिंह सभी निवासी ग्राम सुनेहरी को गिरफ्तार करते हुए आरोपियों के कब्जे से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त की गई। साथ ही मौके पर अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किए गए भारी मात्रा में लाहन को नष्ट किया गया, जिससे अवैध शराब निर्माण की प्रक्रिया को प्रभावी रूप से रोका गया।






