जबलपुर की महिला आरक्षक वर्षा पटेल ने माउंट एल्ब्रुस फतह कर फहराया तिरंगा
सातों महाद्वीपों की चोटियां फतह करने का लक्ष्य

जबलपुर,यशभारत। मध्यप्रदेश पुलिस में जबलपुर में पदस्थ महिला आरक्षक वर्षा पटेल ने यूरोप की सर्वोच्च चोटी माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा और मध्यप्रदेश पुलिस का ध्वज फहराकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वर्षा ने 21 अगस्त 2026 को 18,510 फीट (5,642 मीटर) ऊंची चोटी को सफलतापूर्वक फतह किया। माउंट एल्ब्रुस अभियान की शुरुआत 11 अगस्त को हुई थी। अभियान के दौरान खराब मौसम, तेज हवाओं और कड़ाके की ठंड के कारण पर्वतारोहियों को कई दिनों तक अनुकूल मौसम का इंतजार करना पड़ा। मौसम में सुधार के बाद 20 और 21 अगस्त को शिखर अभियान शुरू किया गया। वर्षा पटेल 21 अगस्त की सुबह 9:07 बजे माउंट एल्ब्रुस के शिखर पर पहुंचीं और वहां भारत का तिरंगा तथा मध्यप्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया।
माउंट कोजियास्को के बाद एल्ब्रुस पर सफलता
वर्षा पटेल इससे पहले वर्ष 2024 में ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी माउंट कोजियास्को पर तिरंगा फहरा चुकी हैं। इस उपलब्धि के बाद उन्होंने पर्वतारोहण अभियान जारी रखते हुए अब यूरोप की सर्वोच्च चोटी पर सफलता हासिल की है। वह राष्ट्रीय स्तर की बेसबॉल खिलाड़ी भी रह चुकी हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में 10 से अधिक पदक जीत चुकी हैं।
सातों महाद्वीपों की चोटियां फतह करने का लक्ष्य
वर्षा पटेल का लक्ष्य दुनिया के सातों महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों को फतह कर ‘सेवन समिट’ अभियान पूरा करना है। एल्ब्रुस की सफलता के बाद अब उनका अगला लक्ष्य अफ्रीका की सर्वोच्च चोटी माउंट किलिमंजारो को फतह करना है। उनका कहना है कि पर्वतारोहण उनके लिए सिर्फ साहसिक गतिविधि नहीं, बल्कि तिरंगे को दुनिया की ऊंची चोटियों तक पहुंचाने का संकल्प है। माउंट एल्ब्रुस अभियान एनएसवाई आउटडोर्स के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। अभियान का नेतृत्व पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव ने किया। वर्षा पटेल की उपलब्धि को महिला शक्ति, अनुशासन, खेल प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।







