सूने मकान में घुसकर 10 लाख की चोरी, कटनी से सटे ग्राम कचौरी में सनसनीखेज वारदात, सोने-चांदी के जेवरात ले गए चोर

कटनी/शाहनगर, यशभारत। शाहनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कचौरी में अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना 20-21 जुलाई की दरमियानी रात की बताई जा रही है। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कचौरी निवासी रामसेवक विश्वकर्मा 40 वर्ष पिता रामहेत विश्वकर्मा किसी आवश्यक कार्य से घर से बाहर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी और बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान में घुस गए और कमरे में रखी पलंग पेटी तथा अन्य संदूकों के ताले तोडक़र सामान खंगाल दिया। सुबह जब परिवार के लोगों ने घर का सामान बिखरा हुआ देखा तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना रामसेवक विश्वकर्मा को दी। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पलंग पेटी और संदूक टूटे पड़े थे तथा पूरा सामान अस्त.व्यस्त था। पीड़ित के अनुसारए पेटी में रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही शाहनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है। इस बड़ी चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रात के समय पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था अधिक प्रभावी होती तो ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती थी। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
स्लीमनाबाद और माधवनगर में भी चोरी
स्लीमनाबाद और माधवनगर थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदात सामने आई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक माधवनगर थाना अंतर्गत ग्राम तखला निवासी गणेश विश्वकर्मा के घर में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। वे घर से बाहर गए हुए थे, तभी अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश किया। चोर घर में रखे पुराने सोने का लॉकेट, मंगलसूत्र, चांदी की पायल और 4 हजार नगद कुल मसरूका लगभग 50 हजार चुरा ले गए। पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। इसी तरह स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के सिंहवाहिनी मंदिर के पास रहने वाले बिहारी मेहरा के पुराने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। 20 जुलाई की रात 11 बजे से 21 जुलाई की सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात चोर घर का ताला तोडक़र अंदर घुसे और 10 हजार नगद तथा 25 ग्राम चांदी की एक जोड़ी पायल कीमत 5 हजार चुरा ले गए। पुलिस ने धारा 305(ए), 331(4) के तहत मामला कायम किया है।
किराना दुकान का टूटा ताला
एक अन्य वारदात में स्लीमनाबाद की दुबे कॉलोनी में स्थित एक किराना दुकान में भी नकबजनी की घटना हुई। फरियादी राजेश हल्दकार 48 की दुकान का ताला तोडक़र अज्ञात चोरों ने सिगरेट के पैकेट, राजश्री गुटखा, तेल की बोतलें, शैम्पू कीमत 8 हजार तथा गल्ले में रखे 2 नगद कुल 10 हजार चुरा लिए। इस मामले में भी स्लीमनाबाद पुलिस ने धारा 305(ए), 331(4) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।







