कटनी

मासूमों से धुलवाई थालियां, मचा हडक़म्प, ढीमरखेड़ा के सिहरा टोला आंगनबाड़ा केंद्र का मामला, अभिभावकों ने बच्चों को केंद्र भेजना किया बंद

कटनी, यशभारत। ढीमरखेड़ा तहसील के अंतर्गत ग्राम सिहरा टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मासूम बच्चों द्वारा भोजन करने के बाद खुद अपनी जूठी थालियां धोऐ जाने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद विभाग में हडक़म्प मच गया है। बताया जाता है कि यह वही केंद्र है, जहां कुछ समय पहले बच्चों के साथ बकरियों के भोजन करने का मामला सुर्खियों में आया था। क्षेत्र के नागरिकों ने बताया कि यह वीडियो कल का है। उस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सिहरा टोला स्थित प्राथमिक शाला में केंद्र का संचालन कर रही थीं। केंद्र में सहायिका की अनुपस्थिति के कारण भोजन के बाद छोटे छोटे बच्चों को खुद ही बर्तन साफ करने के लिए मजबूर होना पड़ा। नियमों की बात करें तो बच्चों से इस तरह के काम कराना श्रम कानूनों और बाल अधिकारों का उल्लंघन है। लोगों का कहना है कि इस पूरे विवाद की जड़ केंद्र के भवन को लेकर चल रही आपसी खींचतान है। ग्रामीणों ने बताया कि नया आंगनबाड़ी भवन गांव से 2 किलोमीटर दूर बनाया गया है, जहां आने-जाने में बच्चों को काफी दिक्कतें होती है। ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने बीच का रास्ता निकालते हुए निर्देश दिए थे कि 3 दिन केंद्र प्राथमिक शाला में और 3 दिन नए भवन में लगेगा। जब केंद्र प्राथमिक शाला में लगता है, तो वहां अक्सर सहायिका नदारद रहती है, जिसका खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।
क्या कहते हैं ग्रामीण
ग्रामीणों ने अब केंद्र के रवैये से तंग आकर बच्चों को वहां भेजना बंद कर दिया है। स्थानीय निवासी आनंद सिंह ने बताया कि बच्चों से थालियां धुलवाई जाती हैं, जो हमें बर्दाश्त नहीं। इसीलिए हमने अपने बच्चों को भेजना बंद कर दिया है। प्रमोद सिंह ने कहा कि कई बार विरोध जताने के बावजूद केंद्र संचालक अपनी कार्यप्रणाली सुधारने को तैयार नहीं हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button