चार दशक बाद भी संजय निकुंज में सुविधाओं का इंतजार
बारिश में दलदल बन जाता है रास्ता, नाली-पानी और बिजली की समस्या से जूझ रहे रहवासी

चार दशक बाद भी संजय निकुंज में सुविधाओं का इंतजार
बारिश में दलदल बन जाता है रास्ता, नाली-पानी और बिजली की समस्या से जूझ रहे रहवासी

कटनी,यशभारत। एनकेजे क्षेत्र के श्रीरामजानकी हनुमान वार्ड क्रमांक-18 स्थित संजय निकुंज में करीब 40 साल से रह रहे लगभग एक सैकड़ा परिवार आज भी मूलभूत सुविधाओं के इंतजार में हैं। नगर निगम सीमा में शामिल होने के बावजूद क्षेत्र में पक्की सड़क, नाली, पेयजल और पर्याप्त बिजली व्यवस्था जैसी सुविधाएं पूरी तरह विकसित नहीं हो सकी हैं। बारिश के दिनों में कच्चा मार्ग कीचड़ और दलदल में बदल जाता है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है।
स्कूल जाने से लेकर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने तक परेशानी
रहवासियों के अनुसार बारिश के दौरान सड़क की स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि दोपहिया वाहन चलाना भी मुश्किल होता है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है, वहीं ऑटो, स्कूल वाहन और एंबुलेंस भी कई बार बस्ती के अंदर तक नहीं पहुंच पाते। गर्मी में इसी मार्ग पर धूल उड़ने से लोगों को परेशानी होती है।
नालियां नहीं, घरों के आसपास जमा होता है गंदा पानी
बस्ती में पक्की नालियों का निर्माण नहीं होने से घरों से निकलने वाला गंदा पानी आसपास ही जमा होता है। बारिश में स्थिति और खराब हो जाती है। जल निकासी की व्यवस्था के अभाव में सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है। कुछ रहवासियों ने अपने स्तर पर कच्ची नालियां बनाकर पानी निकासी की व्यवस्था की है।
निजी बोरिंग और हैंडपंप के भरोसे पानी
पेयजल के लिए भी रहवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बस्ती में नगर निगम की पाइपलाइन नहीं होने के कारण लोग निजी बोरिंग और हैंडपंप पर निर्भर हैं। रहवासियों का कहना है कि अमृत योजना-2 के तहत पाइपलाइन प्रस्तावित है, लेकिन अभी काम शुरू नहीं हुआ है।
दूर-दूर से खींचे तार, बिजली के पोल का इंतजार
क्षेत्र में पर्याप्त बिजली के खंभे नहीं होने से लोगों ने दूर-दूर से तार खींच रखे हैं। झूलते तारों से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय पार्षद रागिनी मनोज गुप्ता के अनुसार बिजली के पोल लगाने के लिए टेंडर और एलओए की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा विद्युत विभाग को सुपरविजन शुल्क भी जमा कराया गया है, लेकिन कार्यादेश जारी नहीं होने से काम शुरू नहीं हो सका है।
रहवासियों ने कहा- वर्षों से दे रहे ज्ञापन
स्थानीय निवासी सुरेश गौंटिया, निधि द्विवेदी, रमाकांत शुक्ला और किरण मोर्य ने बताया कि सड़क, नाली, पानी और बिजली की समस्याओं को लेकर कई बार नगर निगम को ज्ञापन दिए गए हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं और अब क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विकास की जरूरत है।
पार्षद का कहना है कि संजय निकुंज में सुविधाओं के विस्तार को लेकर नगर निगम में लगातार प्रस्ताव रखे गए हैं। बिजली के खंभों और अमृत योजना-2 के तहत पाइपलाइन से संबंधित कार्य प्रक्रियाधीन हैं। संबंधित विभागों से समन्वय कर कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।







