
जबलपुर, यशभारत। गढ़ा थाना पुलिस ने जुए के फड़ पर छापामार कार्रवाई करते हुए पांच जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और जुए के फड़ से 25 हजार 260 रुपये नकद तथा ताश की तीन गड्डियां जब्त की गई हैं। पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में जुआ-सट्टा संचालकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला एवं सीएसपी गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि शुक्रवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि बदनपुर पहड़िया क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने लगे, जबकि घेराबंदी कर पांच जुआरियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोनू प्रजापति निवासी अधारताल, श्याम प्रजापति निवासी रतन नगर गढ़ा, मोनू उर्फ लक्ष्मी सिंह लोधी निवासी गंगासागर, राहुल मनोहरे निवासी सर्वोदय नगर तथा मूर्ति केवट निवासी यादव कॉलोनी रानीताल शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि राज बिठ्ठल, संदीप पटेल, अन्नू रैकवार और अन्य कुछ लोग भी जुआ खेल रहे थे, जो पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गए। आरोपियों ने जुए के संचालन में अज्जू चक्रवर्ती और रोहित सेन की भूमिका होने की जानकारी भी दी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट एवं 49 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। फरार आरोपियों और जुआ संचालकों की तलाश जारी है।






