कौसाम्बी से नाबालिक लडक़ी को भगाकर कटनी ले आया युवक, उत्तरप्रदेश से बहोरीबंद पहुंचकर युवक के चंगुल से आजाद कराया किशोरी को युवक को उत्तरप्रदेश पुलिस ने किया गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। उत्तरप्रदेश के कौसाम्बी जिले से एक नाबालिक लडक़ी को भगाकर कटनी लाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्ताार कर लिया है। बहोरीबंद पुलिस के सहयोग से उत्तरप्रदेश पुलिस ने बहोरीबंद पहुंचकर नाबालिक लडक़ी को युवक के चंगुल से आजाद कराया और परिजनों को सौंप दिया। आरोपी युवक को ट्रांजिट प्रक्रिया के बाद उत्तरप्रदेश की पुलिस अपने साथ ले गई है। बहोरीबंद थाना प्रभारी विजय विश्वकर्मा ने बताया कि उत्तरप्रदेश के कौशांबी जिले में दर्ज एक कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने बहोरीबंद क्षेत्र से एक नाबालिग लडक़ी को बरामद कर आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया है। यह पूरी कार्रवाई उत्तरप्रदेश पुलिस ने बहोरीबंद पुलिस की मौजूदगी में की। शुक्रवार की रात उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के मंझनपुर थाने से उप निरीक्षक शिवशंकर पाण्डेय पुलिस टीम के साथ बहोरीबंद पहुंचे। टीम ने स्थानीय पुलिस को बताया कि थाना मंझनपुर में दर्ज अपराध में आरोपी बहोरीबंद निवासी रोहित द्विवेदी की तलाश की जा रही थी। सटीक सूचना के आधार पर उत्तरप्रदेश पुलिस ने बहोरीबंद क्षेत्र स्थित एक निजी मकान में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया, जहां से पीडि़त नाबालिग किशोरी को भी बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान पीडि़त किशोरी को उसके पिता और भाई के सुपुर्द किया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उत्तर प्रदेश पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। मामले की आगे की विवेचना और न्यायिक कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की जा रही है। बताया गया है कि आरोपी एक धार्मिक स्थल से जुड़ा था और वहीं कार्य करता था।







