अनियंत्रित ट्रैक्टर ने जगदीश स्वामी मंदिर के पास मचाया कोहराम, खड़ी स्कॉर्पियो से टकराकर ब्यूटी पार्लर के पिलर में घुसा ट्रैक्टर

कटनी/पवई, यशभारत। नगर के व्यस्ततम क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित ट्रैक्टर अस्पताल और जगदीश स्वामी मंदिर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। तेज रफ्तार में आ रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़ी एक स्कॉर्पियो वाहन से टकरा गया और इसके बाद पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर के पिलर से टकराकर रुक गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए क्षेत्र में हडक़ंप की स्थिति बन गई और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। जानकारी के अनुसार उक्त ट्रैक्टर अमानगंज की एक एजेंसी से ग्राम झुकेही डिलीवरी के लिए भेजा जा रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने ट्रैक्टर को एजेंसी में रात भर तैयार किया था और सुबह उसे लेकर झुकेही के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में अचानक चालक को नींद आ जाने के कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया। दुर्घटना स्थल अस्पताल और जगदीश स्वामी मंदिर से लगभग 20 मीटर की दूरी पर स्थित है, जहां दिन भर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि उस समय सडक़ पर अधिक भीड़ होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रैक्टर की टक्कर से स्कॉर्पियो वाहन को नुकसान पहुंचा हैए वहीं ब्यूटी पार्लर के पिलर में भी क्षति आई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुईए जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। बाद में क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को मौके से निकलवाकर अमानगंज भिजवाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर के इस व्यस्त मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार अक्सर हादसों का कारण बनती है।







