तस्करों का अजब गजब कारनामा : मक्का की बोरियों से भरे ट्रक से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद

रीवा । जिले की मनगवां थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मक्का की बोरियों से भरे एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने ट्रक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक में मक्का की बोरियां लोड थीं। इन्हीं बोरियों के बीच गांजे की खेप को इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में उसका पता न चल सके। पुलिस ने संदेह के आधार पर ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे का वजन 20 क्विंटल से अधिक हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि तौल और जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। पुलिस इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है
अधिकारियों का कहना है कि मामले में विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी। यह कार्रवाई मनगवां थाना क्षेत्र में की गई है और पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।







