रहवासी इलाकों में सीलिंग कार्रवाई के विरोध में सड़कों पर उतरे भोपाल के व्यापारी, रोशनपुरा से न्यू मार्केट तक निकाली विशाल रैली

रहवासी इलाकों में सीलिंग कार्रवाई के विरोध में सड़कों पर उतरे भोपाल के व्यापारी, रोशनपुरा से न्यू मार्केट तक निकाली विशाल रैली
भोपाल,यशभारत। राजधानी के रहवासी क्षेत्रों में स्थित व्यावसायिक दुकानों पर की जा रही सीलिंग कार्रवाई के विरोध में भोपाल के व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। अपने व्यापार और रोजगार को बचाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में व्यापारी सड़कों पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने रोशनपुरा चौराहे से न्यू मार्केट तक एक विशाल रैली निकाली और शासन-प्रशासन के खिलाफ अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने सरकार से सीलिंग कार्रवाई को तत्काल रोककर व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से लटके भोपाल के नए मास्टर प्लान को जल्द से जल्द लागू किया जाए। इसके साथ ही रहवासी इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों के न्यायसंगत संचालन के लिए मिक्स्ड लैंड यूज़ नीति लागू करने की पुरजोर मांग की गई।
व्यापारियों ने गुजरात राज्य की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी अनधिकृत विकास नियमितीकरण कानून लागू करने का सुझाव दिया, ताकि वर्षों से संचालित व्यवसायों को कानूनी संरक्षण मिल सके और व्यापारियों का रोजगार सुरक्षित रह सके। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही कोई ठोस और व्यापार-हितैषी कदम नहीं उठाया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।







