अंतरराज्यीय बैंक डकैत सुनील पासवान बिहार से गिरफ्तार, सवा करोड़ का 750 ग्राम सोना बरामद
30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था

जबलपुर, यशभारत। खितौला स्थित ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक डकैती मामले में फरार चल रहे पांचवें मुख्य आरोपी सुनील पासवान को जबलपुर पुलिस ने बिहार के गया जिले से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के 750 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये है, बरामद किए हैं। मामले में चोरी का सोना खरीदने वाले चंचल (बचल) पासवान को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2025 को खितौला स्थित ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में पांच बदमाशों ने डकैती कर 14.8 किलोग्राम सोने के आभूषण और करीब 5 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह और पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने स्वयं मौके पर पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह, एसडीओपी आदित्य सिंधारिया, डीएसपी क्राइम उदयमान नागरी तथा साइबर सेल के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने बिहार में लगातार दबिश दी। स्थानीय मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से एसटीएफ बिहार के सहयोग से आरोपी सुनील पासवान को तिलैया गांव से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि डकैती में उसके हिस्से में डेढ़ किलो सोना आया था, जिसमें से 750 ग्राम सोना उसने अपने परिचित चंचल पासवान को 45 लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने चंचल की निशानदेही पर एक सुनार के पास सुरक्षित रखा गया 750 ग्राम सोना बरामद कर लिया है। आरोपी ने शेष सोना भी अन्य सुनारों को बेचने की जानकारी दी है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, सुनील पासवान के खिलाफ मध्यप्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और बिहार सहित विभिन्न राज्यों में लूट और बैंक डकैती के नौ गंभीर मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी को जबलपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले में अन्य आरोपियों और चोरी के शेष माल की तलाश जारी है।







