एसपी दिनेश कौशल के बेटे बने इंजीनियर, बेटी डॉक्टर

एसपी दिनेश कौशल के बेटे बने इंजीनियर, बेटी डॉक्टर
आईआईटी दिल्ली से बेटे क्षितिज और लखनऊ से बेटी श्रुति ने पूरी की शिक्षा
भोपाल, यशभारत। कहते हैं कि जब बच्चे अपनी मेहनत, लगन और अद्भुत प्रतिभा से सफलता की नई ऊँचाइयों को छूते हैं, तब माता-पिता का सिर गर्व से ऊँचा हो जाता है। ऐसा ही एक गौरवान्वित करने वाला क्षण पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा सागर, दिनेश कौशल के परिवार के लिए आया है, जहाँ उनके दोनों बच्चों ने एक साथ सफलता का नया इतिहास रचा है।
उनके सुपुत्र क्षितिज कौशल ने देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी दिल्ली से अपनी इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूर्ण कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वहीं, उनकी सुपुत्री डॉ. श्रुति कौशल ने लखनऊ से एमबीबीएस की अंतिम परीक्षा उत्कृष्ट अंकों के साथ उत्तीर्ण कर ली है। डॉ. श्रुति वर्तमान में अपनी अनिवार्य इंटर्नशिप को बेहद शानदार ढंग से पूरा कर रही हैं।
दोनों बच्चों की यह दोहरी सफलता उनके कड़े परिश्रम, अनुशासन और कुशाग्र बुद्धि का परिणाम है। यह उपलब्धि माता-पिता के साथ-साथ उनके दादा-दादी, चाचा-चाची और पूरे परिवार के वर्षों के त्याग, उच्च संस्कारों और निरंतर मार्गदर्शन का प्रतिफल है। क्षितिज और डॉ. श्रुति ने न केवल अपने माता-पिता, बल्कि अपने गृह जिले छतरपुर का नाम भी पूरे देश में रोशन किया है।
इस दोहरी कामयाबी की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और पुलिस महकमे के शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने दोनों प्रतिभाशाली बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पिता श्री दिनेश कौशल, माता अनुराधा कौशल एवं उनके पूरे परिवार को सहृदय बधाई और अनंत शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।






