जबलपुरमध्य प्रदेश

गौरव शिखर सम्मान-2026 : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 12 विभूतियों का किया सम्मान

मुख्यमंत्री बोले- जबलपुर प्रतिभाओं और संस्कारों की धरती

जबलपुर, यशभारत। जनसेवा, समर्पण और लोककल्याण के पर्याय रहे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय दादा ईश्वरदास रोहाणी की पुण्य स्मृति में आयोजित ‘गौरव शिखर सम्मान-2026’ समारोह बुधवार को मानस भवन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल हरविंदर सिंह वंद्रा ने की, जबकि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, भजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इसके बाद शिक्षा, समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, कुटुंब प्रबोधन, युवा प्रेरणा, सनातन परंपरा, उद्योग, चिकित्सा, पत्रकारिता, सैन्य सेवा, विधि एवं न्याय सहित 12 क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को ‘गौरव शिखर सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जबलपुर प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और प्रतिभाओं की भूमि है। यहां की विभूतियों ने देश-दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरणा देता है। उन्होंने स्वर्गीय ईश्वरदास रोहाणी के व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि वे केवल सफल जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि विधानसभा की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों के सशक्त संरक्षक थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनसेवा और दायित्वों का आदर्श प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में पत्रकारिता के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने महर्षि नारद का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्हें आद्य पत्रकार माना जाता है, क्योंकि उन्होंने सत्य और धर्म की स्थापना के लिए संवाद को माध्यम बनाया। उन्होंने अस्वस्थता के कारण समारोह में उपस्थित नहीं हो सके वरिष्ठ पत्रकार श्याम कटारे को सम्मान मिलने पर उनके प्रति शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।

IMG 20260701 WA00051

इन विभूतियों का हुआ सम्मान

ज्ञान ज्योति गौरव शिखर सम्मान – सुश्री रेखा चुडासमा (शिक्षा)

कर्मयोगी गौरव शिखर सम्मान – डॉ. कैलाश गुप्ता (समाज सेवा)

नारी शक्ति गौरव शिखर सम्मान – सुश्री ज्ञानेश्वरी दीदी (महिला सशक्तिकरण)

संस्कार गौरव शिखर सम्मान – नंदलाल नेगांधी (कुटुंब प्रबोधन)

युवा गौरव शिखर सम्मान – सरबजीत सिंह (युवा प्रेरणा)

सनातन ज्ञान गौरव शिखर सम्मान – ज्योतिषाचार्य पं. रोहित दुबे (सनातन परंपरा)

उद्योग गौरव शिखर सम्मान – नितिन चंडोक (उद्योग एवं उद्यमिता)

संजीवनी गौरव शिखर सम्मान – प्रो. डॉ. वाई.आर. यादव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य)

कलम वीर गौरव शिखर सम्मान – वरिष्ठ पत्रकार श्याम कटारे (पत्रकारिता)

वीरता गौरव शिखर सम्मान – सूबेदार (ऑनरेरी नायब सूबेदार) आर.एन. तिवारी (सेवानिवृत्त सैन्य सेवा)

विधि रत्न गौरव शिखर सम्मान – आर.एन. सिंह, पूर्व महाधिवक्ता (विधि)

न्याय रत्न गौरव शिखर सम्मान – न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) देवव्रत माधव धर्माधिकारी (न्याय)

IMG 20260701 WA0008

समारोह में आयोजन समिति के सदस्य डॉ. जितेंद्र जामदार, डॉ. राजेश धीरावाणी, डॉ. स्वाति गोडबोले, रवि गुप्ता, यशभारत के संस्थापक आशीष शुक्ला, चैतन्य भट्ट, अजय ग्रोवर, संदीप विजन, रजनीत जैन, पंकज गोयल, अनिल नंदवानी, सौरभ बड़ेरिया, एडवोकेट सुमित रघुवंशी, अरुण अग्रवाल ‘अज्जू’ तथा आयोजन सचिव डॉ. सुनील मिश्र सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button