भोपालमध्य प्रदेश

वरिष्ठ नागरिकों ने किया डॉक्टरों का सम्मान, रेलवे की डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से हुए रूबरू

वरिष्ठ नागरिकों ने किया डॉक्टरों का सम्मान, रेलवे की डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से हुए रूबरू

भोपाल, यशभारत। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर पश्चिम मध्य रेल के मंडल रेल चिकित्सालय, भोपाल में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष मौके पर रेलवे के सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिकों ने चिकित्सालय के डॉक्टरों के प्रति अपना सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

यह पूरा आयोजन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय डोगरा के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सेवानिवृत्त कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों को रेलवे द्वारा दी जा रही आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बुजुर्गों को आसानी से समझ आने वाली एक विशेष डिजिटल बुक के माध्यम से रेलवे की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया।

अस्पताल प्रशासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल रेफरल प्रणाली और एचएमआईएस के माध्यम से मिलने वाली ऑनलाइन स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में बारीकी से समझाया गया। इसके साथ ही, 70 एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग लाभार्थियों के लिए रेलवे द्वारा किए गए विशेष प्रावधानों तथा सीनियर सिटीजन मित्र पहल की जानकारी भी दी गई, ताकि वे बिना किसी परेशानी के इन सुगम और आधुनिक सुविधाओं का पूरा लाभ उठा सकें।

इस गरिमामय अवसर पर मंडल रेल चिकित्सालय के सभी चिकित्सकगण, सहायक नर्सिंग अधिकारी, फार्मासिस्ट स्मृति मिश्रा सहित चिकित्सालय का समस्त स्टाफ एवं भारी संख्या में रेलवे के सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button