टपरे से बिक रही शराब, खाली प्लॉट बना मयखाना, झर्रा टिकुरिया में डंके की चोट पर शराबखोरी से नागरिक त्रस्त

कटनी, यशभारत। समूचे शहर में बिक रही शराब और गली मोहल्लों में खुलेआम हो रही दारुखोरी ने संभ्रांत लोगों का जीना दूभर कर रखा है। ताजा शिकायत झर्रा टिकुरिया क्षेत्र से मिली है। यहां एक टपरे से डंके की चोट पर दारू बेची जा रही है और पास में स्थित खाली प्लाट किसी मैखाने में तब्दील हो चुका है। सांझ ढलते ही इस खाली प्लाट में पियक्कड़ों की महफिल आबाद होती है। इन तत्वों के बढ़ते हौसलों के आगे न केवल क्षेत्र की जनता लाचार है, बल्कि पुलिस के हौसले भी पस्त हो चुके हैं। ऐसा नहीं कि इसकी खबर पुलिस विभाग के बड़े अफसरों को नहीं है, लेकिन जानकर भी अनजान बने रहना उनकी मजबूरी है या अवैध व्यवसाय करने वालों पर किसी राजनेता का संरक्षण।
झर्रा टिकुरिया क्षेत्र के लोगों ने अपना नाम सामने न लाने के आग्रह के साथ यशभारत को बताया कि खुलेआम शराब बिकने से यहां का वातावरण बहुत खराब हो रहा है। शाम के समय बड़ी संख्या में सुरा प्रेमियों का जमावड़ा लगा रहता है। शराबियों की महफिलें देर रात तक आबाद रहती है। पीने और पिलाने के बीच आए दिन विवाद भी होते रहते हैं। कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। वैसे भी कुछ दूरी पर मंगलनगर क्षेत्र में चाकूबाजी की दो घटनाओं ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। नागरिकों ने बताया कि जिस जगह पर ये सब होता है, यह मार्ग झर्रा टिकुरिया और लखेरा को जोड़ता है, इसको एम्बुलेंस रोड कहा जाता है। नागरिकों ने बताया कि इससे लगी हुई जमीन सेठ जसनमल की है जो पारिवारिक विवाद के चलते खाली पड़ी है। विगत 30 मई से इस पर पान का टपरा रख लिया गया है जिसमें शराब बेची जा रही है। पिछले कई महीनों से इस मोहल्ले में छुपकर शराब बेची जा रही थी, पर अब गैर कानून काम करने वालों के हौसलों में इतने बढ़ गए हैं कि इस पान के टपरे से दिलेरी के साथ पुलिस और प्रशासन की आंख में धूल झोंकते हुए शराब का विक्रय किया जा रहा है। बताया जाता है कि टपरे से शराब लेकर खाली प्लॉट में पहुंचकर अलग-अलग समूहों में लोग बैठकर शराब पीते हैं। यह सिलसिला दोपहर से शुरू होकर देर रात तक चलता है।
घरों से बाहर निकलना दुशवार
क्षेत्र के नागरिक बताते हैं कि पहले मोहल्ले की महिलाएं और लड़कियाँ शाम को घर से निकलकर बाहर बैठ जाती थीं, पर अब उनका बाहर बैठना मुश्किल हो गया है। रात में खाना खाकर टहल लेती थी पर अब सड़क पर आवारा लड़कों का जमावड़ा लगा रहता है जिसमें औरतों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है, इनको प्रशासन का भी कोई खौफ नहीं है। नागरिकों ने पुलिस और प्रशासन से आग्रह किया है कि टपरे को यहाँ से हटाएं और ध्यान रखें कि यह दोबारा ना खुल सकें। नागरिकों के सामने इस शिकायत को लेकर जनसुनवाई में जाने की मजबूरी है। लोग एकत्रित होकर एसपी से भी फरियाद करने वाले हैं।







