छत ढल गई, शटर भी लग गए, नक्शा पास ही नहीं, मामला संज्ञान में आया तो नगर निगम ने रुकवाया काम, नसरवान बाड़े का मामला

कटनी, यशभारत। बिना नक्शा स्वीकृत कराए चल रहे निर्माण कार्य पर नगर निगम ने नजरें इनायत कर ली हैं। मामला है गजानन कॉम्प्लेक्स के बाजू से नसरवान बाड़े में बन रही दुकानों का। अधिकारियों तक शिकायत पहुंची तो नगर निगम में हलचल मची। एक टीम तैयार करके मौके पर भेजी गई और निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। सामग्री भी जप्त कर ली गई। वैसे यह मामला मीडिया की सुर्खियों में आ गया था, इसलिए आनन फानन कार्यवाही करना पड़ी, इसी शहर में अनेक भवनों का निर्माण बिना नक्शा पास कराए धड़ल्ले से होता रहता है और नगर निगम के इंजीनियर चाँदी काटते रहते हैं।
जानकारी के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम के आला अधिकारियों के निर्देश पर भवन शाखा और अतिक्रमण विरोधी दस्ता मौके पर पहुंचा। टीम ने तत्काल प्रभाव से चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाते हुए वहां मौजूद निर्माण सामग्री को जब्त करने की कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि इस 20,400 वर्ग फुट के विवादित हिस्से में बिना किसी वैधानिक अनुमति के कमर्शियल दुकानों का निर्माण किया जा रहा था, जिसमें दो दुकानों की छत ढलने के बाद शटर भी लग चुके थे। नगर निगम की टीम ने नसरवान के बाड़े में पहुंचकर सबसे पहले चल रहे काम को बंद कराया। अवैध निर्माण स्थल पर रखी निर्माण सामग्रियां (लोहा, सेंट्रिंग का सामान व अन्य उपकरण) को निगम अमले ने जब्त कर लिया है। निगम के जिम्मेदार अधिकारियों ने मौके पर हुए निर्माण का निरीक्षण किया और बिना नक्शा पास किए किए गए इस अवैध ढांचे को लेकर पंचनामा रिपोर्ट तैयार की है।
नगर निगम द्वारा संज्ञान लेकर काम रुकवाने और सामग्री जब्त करने की इस कार्रवाई के बाद अब क्षेत्र में इस बात की चर्चा तेज है कि आगे क्या कदम उठाया जाएगा। नियम और शर्तों का पालन न होने के कारण वर्ष 2012 से ही इस जमीन का नक्शा नगर निगम से स्वीकृत नहीं हो सका है। ऐसे में बिना अनुमति के जो दो दुकानें शटर सहित खड़ी कर दी गई हैं, उन पर नगर निगम आने वाले दिनों में क्या कानूनी एक्शन लेता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। सवाल यही है कि क्या निगम प्रशासन इस अवैध ढांचे को हटाने की सख्त कार्रवाई करेगा या निर्माणकर्ताओं को नोटिस देकर जवाब तलब किया जाएगा, यह आने वाले समय में साफ हो सकेगा।







