रिटायर्ड दंपती हत्याकांड: 4 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, पिछले दरवाजे से घुसे थे हत्यारे

रिटायर्ड दंपती हत्याकांड: 4 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, पिछले दरवाजे से घुसे थे हत्यारे
भोपाल, यशभारत। ऐशबाग थाना क्षेत्र के सुदामा नगर में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में तीसरे दिन सोमवार को भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। रिटायर्ड दंपती हेमंत बारीक और उनकी पत्नी शकुंतला बारीक की हत्या के इस मामले में जांच फिलहाल कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और करीबियों से पूछताछ पर ही टिकी हुई है। पुलिस को अंदेशा है कि इस वारदात को किसी बेहद करीबी ने अंजाम दिया है, जिसके पीछे संपत्ति या पैसों का विवाद मुख्य वजह हो सकता है।
सीसीटीवी और सीडीआर खंगाल रही टीमें
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें घटनास्थल से लेकर मुख्य सड़क तक लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध नजर नहीं आया है। अब पुलिस तकनीकी साक्ष्यों का सहारा ले रही है। इसके तहत मृतक दंपती के मोबाइल फोन की सीडीआर निकलवाई जा रही है, ताकि घटना से पहले उनके संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा सके।
शार्प शूटरों पर संदेह, करीब से मारी गोली
एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि दोनों को बेहद करीब से गोली मारी गई थी। डॉक्टरों की इस राय के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए इलाके के चुनिंदा शार्प शूटरों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक पुलिस को इसमें कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है।
पिछले दरवाजे से आए और उसी से भागे
सूत्रों के मुताबिक, वारदात के समय मकान का पिछला दरवाजा खुला हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि हत्यारे इसी रास्ते से घर के अंदर दाखिल हुए और दंपती की हत्या करने के बाद उसी रास्ते से सुरक्षित फरार हो गए।
किराएदार को बदबू आने पर चला पता
दंपती ने अपने मकान की ऊपरी मंजिल छात्रों को किराए पर दे रखी थी। दो दिनों तक जब हेमंत और शकुंतला बारीक नीचे दिखाई नहीं दिए, तो छात्र किराया देने के लिए नीचे आए। घर के पास पहुंचने पर उन्हें तेज बदबू आई, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने जब दरवाजा खोलकर देखा तो हेमंत बारीक का शव बिस्तर पर और उनकी पत्नी का शव सोफे पर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







