जबलपुर में बिजली कटौती और जल संकट पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा: निकाला विशाल मशाल जुलूस, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

जबलपुर यश भारत । शहर में लगातार बढ़ रही अघोषित बिजली कटौती और गहराते पेयजल संकट के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार शाम पूर्व पार्षद जितिन राज और शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनु तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक विशाल मशाल जुलूस निकाला। नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा और नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा की विशेष उपस्थिति में यह जुलूस साईं बाबा मंदिर से शुरू होकर दमोहनाका चौक तक पहुंचा, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक विफलता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भीषण गर्मी में बिजली-पानी के लिए तरस रही जनता: जितिन राज
मशाल जुलूस के दौरान पूर्व पार्षद जितिन राज और महासचिव अनु तिवारी ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जबलपुर की जनता इस समय दोहरी मार झेल रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। इससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों का जीना मुहाल हो गया है। दूसरी ओर, शहर में पानी का संकट लगातार गहराता जा रहा है, जिससे लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
स्मार्ट मीटर और दूषित जलापूर्ति पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। जर्जर पोल, पुराने तार और ओवरलोडेड ट्रांसफार्मर के कारण आए दिन ट्रिपिंग हो रही है। इसके साथ ही, स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से आम जनता को कई गुना अधिक और त्रुटिपूर्ण बिजली बिल थमाए जा रहे हैं। वहीं नगर निगम की जलापूर्ति व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कई वार्डों में गंदे और दूषित पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। शहर की बदहाल ड्रेनेज व्यवस्था के कारण हल्की बारिश में ही सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन जाती है।
सुधार न होने पर घेराव और उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेतृत्व ने प्रशासन को दोटूक चेतावनी दी है कि यदि अघोषित बिजली कटौती पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई और शुद्ध पेयजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो इस आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। आने वाले दिनों में बिजली विभाग और नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
इस मशाल जुलूस के दौरान सक्षम गुलाटी, सचिन जैन, पार्षद हर्षित यादव, संजय उपाध्याय, रविंद्र गौतम, रामेश्वर गिरी, मेवालाल पटेल, अभिषेक यादव, गोपाल चौधरी, सोनू कुकरेले, राजा रैकवार, अमन अरबी, अभ्युत बाजपेयी, पिंटू चौधरी, मदन लारिया, रिंकू तिवारी, राज विश्वकर्मा, भानु यादव, निखिल जैन, पप्पी सोनी, सोनू बाजपेयी, शैलेश राठौर, रोहित नेमा, नितिन सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







