वारदात : मंगलनगर में युवक को चाकुओं से गोदा, जबलपुर ले जाते समय रास्ते में मौत, बढ़ते अपराधों से लोग दहशत में

कटनी, यशभारत। शहर में बढ़ते अपराधों ने आज फिर एक युवक की जान ले ली। मंगलनगर में चाकू के ताबड़तोड़ हमले कर कन्हैया गौड़ को मरणासन्न हालत में पहुंचा दिया गया, इसके बाद जबलपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। हत्या की इस वारदात ने क्षेत्र के लोगों में दहशत पैदा कर दी हैं। इसके पहले सुबह ही सिविल लाइन के खाकी प्लॉट में एक व्यक्ति की लाश मिली, जिसमें हत्या का संदेह व्यक्त किया गया है। ये घटनाएं सीधे तौर पर पुलिस के समक्ष चुनौती पेश कर रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलनगर निवासी कन्हैया गोंड (25 वर्ष) पर रविवार को कुछ अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल कन्हैया को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे इलाज के लिए जबलपुर लेकर रवाना हुए, लेकिन स्लीमनाबाद के पास रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक का क्षेत्र के ही एक यादव युवक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उस पर हमला किया गया। हालांकि, पुलिस अभी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रंगनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात और युवक की मौत से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।







