
शिमला | हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने छह लोगों की जान ले ली। रामपुर उपमंडल के उरमान क्षेत्र के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रामपुर से तकलेच जा रही थी पिकअप
पुलिस के अनुसार, पिकअप वाहन रामपुर से तकलेच की ओर जा रहा था। उरमान के समीप अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे के पीछे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस तकनीकी और अन्य सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
-
22 करोड़ से सुधरी सड़क बारिश के 2 माह भी नहीं टिकीAugust 25, 2026
मृतकों में मां-बेटा भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में कुल्लू जिले के अन्नी निवासी आशा कुमारी और उनके बेटे युगल भी शामिल हैं। इसके अलावा रामपुर क्षेत्र के अभिषेक सानी (23), लायक राम (56), नितिन (23) और वाहन चालक अशोक जैन (23) की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में केस दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर संभावित पहलू की पड़ताल कर रही है।







