अलर्ट के 24 घंटे के भीतर बदला मौसम, झमाझम बारिश से मिली गर्मी से राहत
जबलपुर, यश भारत

अलर्ट के 24 घंटे के भीतर बदला मौसम, झमाझम बारिश से मिली गर्मी से राहत
जबलपुर, यश भारत। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अगले ही दिन गुरुवार को शहर में मौसम ने करवट ले ली। सुबह से छाए बादलों के बीच दोपहर बाद कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी और मौसम सुहाना हो गया।
मौसम विज्ञान केंद्र ने पहले ही गरज-चमक के साथ वर्षा और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया था, जो काफी हद तक सही साबित हुआ। बारिश के कारण कुछ निचले इलाकों और सड़कों पर पानी जमा हो गया, वहीं राहगीरों को भी अचानक हुई बारिश से बचने के लिए इधर-उधर शरण लेनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में भी जिले के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।






