साहब की पार्टी में कटी बिजली, तो पूरे गांव को दी ‘सजा’; JE पर भड़के ग्रामीण

सतना , यश भारत । जिले में बिजली विभाग के एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) पर मनमानी का गंभीर आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार ट्रांसमिशन कंपनी के कनिष्ठ अभियंता के घर आयोजित सालगिरह समारोह के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बताया जा रहा है कि इससे नाराज होकर जेई ने कर्मचारियों को निर्देश देकर पूरे गांव की बिजली सप्लाई बंद करा दी।
आरोप है कि जेई के निर्देश के बाद गांव के कई सैकड़ा परिवार घंटों तक अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंची।
सूत्रों के मुताबिक, मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालन अभियंता (ईई) ने संबंधित जेई और ड्यूटी पर मौजूद ऑपरेटर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विभागीय स्तर पर पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह पद के दुरुपयोग का मामला है और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। बताया जा रहा है कि संबंधित जेई पर पहले भी इसी तरह के व्यवहार और मनमानी के आरोप लग चुके हैं। फिलहाल विभागीय जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







