कटनी

क्या अब तक आंखे बंद थी आबकारी की ! अहाता नियमविरूद्ध तो पहले क्यों नहीं की कार्रवाई, ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स में संचालित अहाते में पुलिस की तालाबंदी

कटनी, यशभारत। स्टेशन रोड स्थित ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स में लाईसेंसी बार की आड़ में चलाए जा रहे अहाते पर सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने पुलिस टीम के साथ बुधवार की रात छापा मारा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मौके पर हडक़म्प की स्थिति निर्मित हो गई। नियम विरूद्ध संचालित अहाते को बंद कराते हुए तालाबंदी की कार्यवाही पुलिस ने की है। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़े पैमाने पर लोग शराब पीते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। खास बात यह है कि स्टेशन रोड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में पिछले कई दिनों से यदि नियम विरूद्ध तरीके से अहाते का संचालन हो रहा था तो फिर आबकारी विभाग ने इसे बंद कराते हुए कार्रवाई क्यों नहीं की। इस पूरे मामले में कहीं न कहीं आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकरियों की कार्यप्रणाली पर भी उंगली उठ रही है। उधर दूसरी तरफ बिसरबार संचालक का कहना था कि सब कुछ नियमों के अनुसार संचालित था। बियरबार में ग्राहकों के बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई थी, जिसे अहाता बताते हुए कार्रवाई की गई है। बताया जाता है कि सीएसपी नेहा पच्चीसिया को मुखबिरों से सूचना मिली थी कि स्टेशन के सामने ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स में अवैध रूप से अहाता संचालित किया जा रही है। जब पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी न सिर्फ कॉम्प्लेक्स के भीतर बल्कि शराब दुकान के ठीक बाहर भी लोग खुलेआम जाम छलकाते हुए नजर आए। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब और बैठक व्यवस्था का सामान जब्त किया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में कानून का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। सीएसपी नेहा पच्चीसिया की इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य शराब ठेकेदारों और अवैध रूप से अहाता चलाने वालों में हडक़ंप मचा हुआ है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर के भीतर किसी भी सार्वजनिक स्थान या बिना अनुमति वाले परिसर में शराब पिलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और ऐसी अवैध गतिविधियों पर आगे भी सख्त एक्शन जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button