हमीदिया में जलभराव से मरीज परेशान, फिसलकर गिर रहे लोग बारिश में सड़कें बनीं मुसीबत, जल निकासी की व्यवस्था पर उठे सवाल भोपाल यश भारत।

हमीदिया में जलभराव से मरीज परेशान, फिसलकर गिर रहे लोग
बारिश में सड़कें बनीं मुसीबत, जल निकासी की व्यवस्था पर उठे सवाल
भोपाल यश भारत। राजधानी के हमीदिया अस्पताल परिसर में बारिश के बाद जलभराव की समस्या मरीजों और उनके परिजनों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। शनिवार को हुई बारिश के बाद अस्पताल परिसर की सड़कों और रास्तों पर जगह जगह पानी जमा हो गया। इससे पैदल आने-जाने वाले मरीजों बुजुर्गों और परिजनों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। पानी जमा होने के साथ सड़कों पर फिसलन भी बढ़ गई जिससे लोगों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहा। मरीजों और परिजनों का कहना है कि बारिश के दौरान हर साल अस्पताल परिसर में इसी तरह की स्थिति बनती है। कई स्थानों पर पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से थोड़ी बारिश के बाद ही रास्तों पर पानी जमा हो जाता है। हमीदिया अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर में जलभराव की स्थिति अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से नालियों और ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है ताकि बारिश के दौरान मरीजों को परेशानी न उठानी पड़े।







