मानसून की लेटलतीफी से बढ़ी बैचेनी, शहर में गर्मी से लोग बेहाल, ग्रामीण क्षेत्रों में किसान बारिश के इंतजार में, मौसम विभाग ने फिर जारी किया येलो अलर्ट

कटनी, यशभारत। मानसून की लेटलतीफी ने अब बैचेनी बढ़ा दी है। शहर में जहां गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है तो वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसान भी बारिश के इंतजार में है। किसानों ने खेतों में धान की फसल की तैयारी कर ली है और अब केवल मानसून की दस्तक का इंतजार है। हालांकि दक्षिण-पश्चिम मानसून बेहद तेजी से आगे बढ़ते हुए प्रदेश की दहलीज पर पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिनों में मानसून दस्तक देगा। विभाग ने कटनी सहित प्रदेश के 41 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में 70 किलोमीटर की रफ्तार से तूफानी हवाएं भी चलेंगी। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत सिस्टम के कारण मानसून की रफ्तार तेज हो गई है और अब यह बालाघाट के रास्ते मध्य भारत के इस हिस्से में पूरी तरह प्रवेश करने को तैयार है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले अगले पांच दिनों तक प्रदेश के मौसम में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।







