नहर में मिले 2 शव : क्षेत्र में हड़कंप …पुलिस जांच में जुटी

रीवा । शहर में दो अलग-अलग जगहों पर नहर में शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पहला शव सिल्परा नहर में मिला, जबकि दूसरा शव विजय विलास पैलेस के पीछे स्थित नहर में देखा गया। एक ही दिन में दो शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के आधार पर टीम ने दोनों स्थानों पर रेस्क्यू कर शवों को नहर से बाहर निकाला और पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक शव की पहचान हुई
विजय विलास पैलेस के पीछे नहर से मिले शव की पहचान रामनाथ कुशवाहा (85) पिता सहदेव कुशवाहा, निवासी गड़रिया थाना समान के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी मौत नहर में गिरने या अन्य किसी कारण से हुई हो सकती है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी।







