
बंगाली कॉलोनी में विकास कार्यों की सौगात

45 लाख की लागत से सड़क-नाली निर्माण का भूमिपूजन
वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर स्थानीय नागरिकों में उत्साह
कटनी,यशभारत। नगर के संत कंवरराम वार्ड अंतर्गत बंगाली कॉलोनी में लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन शनिवार को महापौर प्रीति सूरी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। नगर निगम द्वारा स्वीकृत इन विकास कार्यों के तहत लगभग 45 लाख रुपये की लागत से क्षेत्र में सी.सी. रोड एवं सी.सी. नाली का निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा के साथ-साथ जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
महापौर ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार नगर निगम की प्राथमिकता है और लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क एवं नाली जैसी सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की नींव होती हैं।
स्थानीय पार्षद ने बताया कि यह कार्य लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग थी, जो अब पूरी हो रही है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद बंगाली कॉलोनी में जलभराव की समस्या से निजात मिलने के साथ आवागमन भी सुगम होगा।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों में उत्साह का माहौल रहा और उपस्थित जनों ने विकास कार्यों के लिए नगर निगम का आभार व्यक्त किया।







