
नालासोपारा, यशभारत।नालासोपारा (पूर्व) के प्रगति नगर से ओसवाल नगरी तक लगने वाले कथित अवैध साप्ताहिक बाजार के कारण सोमवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हालात तब गंभीर हो गए, जब मरीज को लेकर जा रही एक एम्बुलेंस करीब 20 मिनट तक जाम में फंसी रही। समय पर रास्ता नहीं मिलने से स्थानीय नागरिकों में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजार के दिन सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में अस्थायी दुकानें लगने से सड़क संकरी हो जाती है। खरीदारों की भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लंबा जाम लग जाता है, जिससे एम्बुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। नागरिकों का कहना है कि यदि किसी इमारत में आग लग जाए या किसी गंभीर मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाना हो, तो बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
रहवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर मनपा और पुलिस प्रशासन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि वसई-विरार के विभिन्न इलाकों में सप्ताह के अलग-अलग दिनों में लगने वाले साप्ताहिक बाजार भी यातायात बाधित कर रहे हैं।
स्थानीय निवासी नरेंद्र चौहान ने कहा कि प्रशासन को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन हर बार उसे नजरअंदाज किया गया। नागरिकों ने अवैध बाजारों पर तत्काल कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।







