रस्सी से बांधकर क्रूज को किनारे लाया जा रहा, सुबह होते ही तेज हुआ रेस्क्यू
अब तक हादसे में 9 शव बरामद किए जा चुके हैं

जबलपुर, यश भारत। बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे के बाद सुबह होते ही राहत और बचाव अभियान पूरी रफ्तार के साथ फिर से शुरू किया गया। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के साथ सेना के जवान भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। पलटे हुए क्रूज को रस्सियों से बांधकर किनारे लाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। क्रूज अब लगभग किनारे तक पहुंच चुका है और उसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी के माध्यम से रैंप तैयार किया जा रहा है।
प्रशासन का मानना है कि क्रूज को पूरी तरह बाहर निकालने के बाद अंदर फंसे लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग अब भी क्रूज के भीतर फंसे हो सकते हैं। अब तक हादसे में 9 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। वहीं लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है।
मौके पर प्रशासनिक अमला, रेस्क्यू टीमें और सेना के जवान पूरी मुस्तैदी से अभियान में लगे हुए हैं, ताकि जल्द से जल्द सभी लापता लोगों का पता लगाया जा सके।







