वीडी युग की विदाई ? परसों 2 जुलाई को मध्यप्रदेश के नए भाजपा अध्यक्ष का ऐलान, चुनाव की अधिसूचना जारी, चौंकाने वाला नाम आ सकता सामने, महिला कार्ड भी खेल सकती पार्टी


भोपाल, यशभारत । मध्यप्रदेश में 2 दिन बाद यानि 2 जुलाई को बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान हो जाएगा। क्योंकि बीजेपी संगठन ने पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए चुनाव की घोषणा कर दी है। बीजेपी के निर्वाचन अधिकारी बनाए पूर्व सांसद विवेक सेजवलकर आज मध्यप्रदेश में भाजपा के चुनावी कार्यक्रम की अधिसूचना जारी की है। कल एक जुलाई को एमपी में बीजेपी के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी भोपाल आ रहे हैं, इसी दिन से नामांकन का दौर शुरू हो जाएगा, अगर एक से ज्यादा नॉमिनेशन आते हैं तो फिर संगठन में वोटिंग होगी, लेकिन अगर एक ही नॉमिनेशन आता है तो निर्विरोध नया अध्यक्ष चुना जाना तय है, ऐसे में अब बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन करने वाले नेताओं पर सबकी नजर होगी।
इस बार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की दौड़ में आधा दर्जन से अधिक नेता शामिल हैं। कल मंगलवार को केंद्रीय मंत्री एवं संगठन द्वारा नियुक्त किए गए धर्मेंद्र प्रधान चुनाव अधिकारी के रूप में भोपाल आने वाले हैं, और संभावना है कि दो जुलाई को अधिकृत रुप से नए प्रदेशाध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। फिलहाल माना जा रहा है कि इस बार काई नया चौकाने वाला नाम सामने आ सकता है। पार्टी सूत्रों के अनसार इस बार किसी महिला को प्रदेश की कमान दी जा सकती है।
आधा दर्जन नेताओं के नाम शामिल
पार्टी सूत्रों की माने तो कल शाम नामाकंन प्रक्रि या शुरु कर दी जाएगी, अगले दिन दो जुलाई को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में नाम तय होने की संभावना है। इस पद के लिए दौड़ में करीब आधा दर्जन से अधिक नेता शामिल हैं, लेकिन जो चार नाम बेहद चर्चा में हैं, उनमें पूर्व सांसद नीता पटैरिया के अलावा बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके, खरगोन सांसद गजेंद्र पटेल, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य का नाम शामिल है। भाजपा नेतृत्व इस बार सामाजिक संतुलन, क्षेत्रीय समीकरण और आगामी चुनावों की रणनीति के तहत नए अध्यक्ष का चयन करना चाहता है। मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा का कार्यकाल 2023 में खत्म हो चुका है, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव के चलते उन्हें एक्सटेंशन मिला है, इसके बाद से लगातार उनका कार्यकाल बढ़ता चला गया है। महिला के हाथों में जा सकती है कमान मिली जानकारी के अनुसार, बीजेपी आदिवासी और महिला वर्ग के बीच में मध्य प्रदेश बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का चेहरा खोजने में जुटी हुई है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सामान्य वर्ग से आते हैं और लंबा कार्यकाल भी पूरा कर चुके हैं। इसके अलावा, डॉ. मोहन यादव ओबीसी वर्ग से मुख्यमंत्री, अनुसूचित जाति वर्ग व ब्राह्मण वर्ग से दो उपमुख्यमंत्री हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह यही है कि बीजेपी अब मध्य प्रदेश में किसी महिला के हाथों में कमान सौंपने की तैयारी कर रही है। एसे में महिला नेताओं में तीन नाम चर्चा में बने हुए हैं। इनमें नीता पटैरिया के अलावा अर्चना चिटनिस और रंजना बघेल के नाम शामिल हैं।







