भोपाल में 1.33 करोड़ के मशरूका के साथ अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 170 किलो गांजा जब्त

भोपाल में 1.33 करोड़ के मशरूका के साथ अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 170 किलो गांजा जब्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी की क्राइम ब्रांच पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 170.090 किलोग्राम अवैध गांजा, परिवहन में प्रयुक्त आइशर ट्रक और 396 एल्यूमीनियम सिल्लियां बरामद की हैं। जब्त किए गए कुल मशरूका की कीमत 1.33 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। जिसका कुल वजन 170.90 किलो है।
डीबी मॉल के ट्रैफिक से जूझते हुए पहुंची पुलिस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 जून को क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि कोलार रोड पर गोल जोड़ तिराहे के पास एक नीले त्रिपाल से ढका हुआ आइशर मिनी ट्रक खड़ा है। ड्राइवर सीट पर बैठा व्यक्ति भोपाल में गांजे की बड़ी डिलीवरी करने के लिए किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम रवाना हुई। हालांकि, शहर में चल रहे मेट्रो कार्य और सड़क निर्माण के कारण डीबी मॉल के सामने भारी ट्रैफिक का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने सूझबूझ से काम लिया और गोल जोड़ तिराहे पर रॉन्ग साइड खड़े ट्रक की घेराबंदी कर आरोपी आनंद बैरागी को दबोच लिया।
ट्रक की तलाशी में खुला राज, 6 बोरियों में मिला गांजा
जब पुलिस ने ट्रक के केबिन और पिछले हिस्से की सघन तलाशी ली, तो वहां खाना बनाने के सामान और बिस्तर के नीचे सफेद पन्नी से ढकी 06 प्लास्टिक की बोरियां मिलीं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि इनमें गांजा है।
बोरियों के वजन का विवरण:
बोरी 1: 28 किलो 510 ग्राम
बोरी 2: 30 किलो 370 ग्राम
बोरी 3: 21 किलो 610 ग्राम
बोरी 4: 30 किलो 620 ग्राम
बोरी 5: 34 किलो 370 ग्राम
बोरी 6: 24 किलो 610 ग्राम
कुल वजन: 170 किलो 090 ग्राम
इसके साथ ही ट्रक से लगभग 30 लाख रुपये कीमत का आइशर ट्रक और NALCO अंकित 396 एल्यूमीनियम सिल्लियां भी बरामद की गईं।
आरोपी देवास का निवासी, बड़े नेटवर्क की तलाश
पकड़े गए आरोपी की पहचान आनंद बैरागी निवासी- ग्राम हथवास, तहसील सतवास, जिला देवास के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर है और केवल 8वीं तक पढ़ा है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब आरोपी से गांजा सप्लायर, डिलीवरी नेटवर्क और इस अंतर्राज्यीय सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के बारे में कड़ी पूछताछ की जा रही है।







