नौकरी छूटने के बाद तनाव में था डॉ का बेटा, जहरीला पदार्थ पीने से मौत

नौकरी छूटने के बाद तनाव में था डॉ का बेटा, जहरीला पदार्थ पीने से मौत
भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल के प्रसिद्ध नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. एमएल बंजारा के इकलौते पुत्र सौरभ बंजारा (41) की जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। सौरभ ने 10 जून को कथित रूप से शराब के साथ जहरीला पदार्थ पी लिया था। हालत बिगडऩे पर परिजनों ने उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां रविवार सुबह उसने अंतिम सांस ली। पुलिस के अनुसार सौरभ रातीबढ़ थाना क्षेत्र स्थित पूजा कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता था। वह एमबीए स्नातक था और एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि करीब तीन माह पहले उसकी नौकरी छूट गई थी, जिसके बाद वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था। घटना के दिन सौरभ की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। परिजनों को स्थिति की गंभीरता का पता चलते ही उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक सौरभ की शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी। उसके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। बड़े बेटे की उम्र सात वर्ष जबकि छोटा बेटा मात्र छह माह का है। उसके पिता डॉ. एमएल बंजारा कमला नेहरू अस्पताल में सेवाएं दे चुके हैं और शहर के जाने-माने नेफ्रोलॉजिस्ट हैं। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रातीबढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में नौकरी जाने के बाद युवक के अवसादग्रस्त रहने की जानकारी सामने आई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसने शराब में जहर मिलाकर सेवन किया था। हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।






