करहियाकला में सटोरिए के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, सट्टा खिलाते आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार, मामला दर्ज

कटनी, यशभारत। जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलहरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सटोरिए को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी नगदी एवं अन्य सामग्री बरामद की गई है। बिलहरी चौकी प्रभारी सुयश पाण्डेय ने बताया कि एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा एएसपी कमल मौर्य एवं सीएसपी नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया के नेतृत्व पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली कि ग्राम करहियाकला में एक व्यक्ति सट्टा-पट्टी काट रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी संजू उर्फ संजय सनोडिया निवासी करहियाकला भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। आरोपी के कब्जे से दो सट्टा-पट्टी तथा 310 रुपये नगद बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जप्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सट्टा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्यवाही में चौकी प्रभारी बिलहरी सुयश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक संतोष कुमार प्रजापति, आरक्षक लव उपाध्याय एवं सैनिक धनेंद्र त्रिपाठी की सराहनीय भूमिका रही।







