कटनी

शिक्षा और विकास कार्यों को लेकर महापौर एक्शन मोड में

स्कूल भवनों, सड़क परियोजनाओं और अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा


शिक्षा और विकास कार्यों को लेकर महापौर एक्शन मोड में

स्कूल भवनों, सड़क परियोजनाओं और अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए समयबद्धता के निर्देश

कटनी। यशभारत ।IMG 20260612 WA0026

नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार और शैक्षणिक अधोसंरचना को लेकर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने मंगलवार को लोक निर्माण विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक में अधिकारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर का विकास केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को बेहतर शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

महापौर ने निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित स्कूल भवनों की प्रगति पर विशेष फोकस करते हुए अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ए. रविंद्रराव शाला भवन, पुरवार शाला भवन तथा जर्जर विद्यालयों के मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और सुविधायुक्त विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की बुनियाद हैं।

बैठक में चौपाटी निर्माण, घंटाघर से जगन्नाथ चौक सड़क चौड़ीकरण, विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित एवं प्रगतिरत डामरीकरण कार्यों सहित शहर की प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई। महापौर ने कहा कि नागरिकों को विकास कार्यों का लाभ समय पर मिले, इसके लिए कार्यों में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने बस स्टैंड क्षेत्र में क्षतिग्रस्त डिवाइडरों के सुधार, प्रमुख मार्गों के उन्नयन तथा शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु से पूर्व आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

महापौर ने कहा कि विकास और शिक्षा, दोनों ही शहर की प्रगति के मजबूत आधार हैं। इसलिए विभागीय समन्वय, जवाबदेही और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से सभी कार्यों को समयसीमा में पूरा किया जाना चाहिए।

बैठक में प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, आदेश जैन सहित सभी क्षेत्रीय उपयंत्री उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button