तिदुनी मोड़ के पास चने से भरी पिकअप पलटी, टायर फटने से हुआ हादसा

कटनी/शाहनगर, यशभारत। शाहनगर थाना क्षेत्र के तिदुनी मोड़ के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ा सडक़ हादसा होते होते टल गया, जब चना से लदी एक पिकअप का टायर अचानक फट जाने से वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गया। हादसे में वाहन को नुकसान पहुंचा, वहीं उसमें लदा चना सडक़ पर बिखर गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 35 जीए 0347 मोहन्द्रा से कटनी मंडी की ओर लगभग 60 बोरी चना लेकर जा रही थी। सुबह करीब 9 बजे तिदुनी मोड़ के पास पहुंचते ही वाहन का एक टायर अचानक फट गया। टायर फटने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सडक़ से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप पलटने से उसमें लदी चना की बोरियां सडक़ और आसपास के क्षेत्र में बिखर गईं। चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पिकअप सडक़ किनारे पलटी हुई नजर आ रही है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से वाहन और माल को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया गया।







