हवा में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, एयर पिस्टल और स्कूटी जब्त

हवा में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, एयर पिस्टल और स्कूटी जब्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहजहाँनाबाद इलाके में एयर गन से हवा में फायरिंग कर सनसनी और दहशत फैलाने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एयर पिस्टल और एक एक्सेस स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस अब आरोपियों से अवैध हथियारों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नूर महल स्थित अशोका कॉलोनी निवासी फरियादी मोहम्मद मुस्ताक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 जून की रात करीब 10:30 बजे जब वह अपने घर की छत पर थे, तभी होली हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की तरफ से एक स्कूटी पर सवार होकर दो युवक आए। बदमाशों ने सरफराज के गेट के सामने गाड़ी रोकी और फिर गाली-गलौज करते हुए लापरवाही पूर्वक हवा में फायर कर दिया। फायरिंग के बाद भागने की हड़बड़ी में उनकी स्कूटी एक अन्य एक्टिवा से टकराई भी, लेकिन बदमाश बिना देर किए गाड़ी संभालकर मौके से भाग निकले। इस घटना के बाद पूरी कॉलोनी में भय का माहौल बन गया था। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एयर पिस्टल और स्कूटी जब्त कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी भय्यू उर्फ आवेश के विरुद्ध पूर्व से अलग-अलग गंभीर धाराओं में 8 और साहिल खान के विरुद्ध 3 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।







