पत्नी की मौत के दूसरे दिन पति का शव मिला,वीएफजे के खंडहर क्वार्टर में फंदे से लटका मिला मयंक
दोहरी मौत से सनसनी, आठ वर्षीय बेटे के बयान से पहले ही गहराया था मामला

जबलपुर, यशभारत। अधारताल थाना क्षेत्र के न्यू कंचनपुर में किराए के मकान से 35 वर्षीय नेहा सिंह का शव मिलने के दूसरे दिन शनिवार को उसके पति मयंक सिंह का शव भी संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मयंक का शव जीसीएफ क्षेत्र के खंडहर हो चुके क्वार्टर में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस आत्महत्या समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मूलतः कालीमठ निवासी नेहा सिंह ने दो वर्ष पूर्व न्यू कंचनपुर निवासी मयंक सिंह से दूसरा विवाह किया था। शुक्रवार शाम उनके किराए के मकान से दुर्गंध आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाहर से बंद कमरे का ताला तोड़कर देखा तो रसोई में नेहा का शव पड़ा मिला। शव दो से तीन दिन पुराना होने के कारण डिकम्पोज हो चुका था। उसके गले में दुपट्टे का फंदा था, जिसका दूसरा सिरा पंखे से बंधा मिला था।
मां से मिलने की जिद करता रहा बेटा
पूछताछ के दौरान नेहा के आठ वर्षीय बेटे ने पुलिस को बताया था कि पिछले दो दिनों से उसके पिता उसे मां से मिलने नहीं दे रहे थे। जब भी वह मां के बारे में पूछता, मयंक उसे यह कहकर टाल देता था कि मां बाहर गई है। शुक्रवार को मयंक बेटे को अपनी बहन के घर छोड़कर निकला था और इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल पाया था। स्थानीय लोगों ने उसे शोभापुर रेलवे ट्रैक की ओर जाते हुए देखा था।
खंडहर क्वार्टर में मिला शव
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि जीसीएफ परिसर के एक जर्जर और बंद पड़े क्वार्टर में एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान मयंक सिंह के रूप में की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दोनों मौतों के बीच संबंधों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
दोहरी मौत से कई सवाल खड़े
पति-पत्नी की लगातार हुई मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या पारिवारिक विवाद के चलते यह दुखद घटनाक्रम सामने आया या इसके पीछे कोई और कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल अधारताल पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।








