नगर निगम दमकल अमले की तत्परता से परोहा मार्केट में बड़ी अग्नि दुर्घटना टली, समय रहते पाया काबू
दुर्गा चौक व सिविल लाइन जोन की फायर यूनिट ने सूझबूझ से आग पर किया नियंत्रण, जनहानि नहीं

नगर निगम दमकल अमले की तत्परता से परोहा मार्केट में बड़ी अग्नि दुर्घटना टली, समय रहते पाया काबू
दुर्गा चौक व सिविल लाइन जोन की फायर यूनिट ने सूझबूझ से आग पर किया नियंत्रण, जनहानि नहीं

कटनी, यशभारत। नगर पालिक निगम के फायर अमले की त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ एवं समन्वित प्रयासों के चलते थाना एनकेजे क्षेत्र अंतर्गत परोहा मार्केट में एक मकान में लगी आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक संभावित बड़ी अग्नि दुर्घटना टल गई।
सहायक फायर प्रभारी शैलेंद्र दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात परोहा मार्केट स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही नगर निगम के दुर्गा चौक जोन एवं सिविल लाइन जोन से दो फायर ब्रिगेड वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।घटनास्थल पर पहुंचकर फायर कर्मियों ने पूरी मुस्तैदी और पेशेवर दक्षता के साथ राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया। दोनों फायर यूनिटों के समन्वित प्रयासों से आग को शीघ्र नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आग आसपास के अन्य भवनों तक फैलने से रोक दी गई और संभावित जन-धन हानि टल गई।
नगर निगम फायर अमले की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्यप्रणाली के चलते स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया। प्रशासन के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली। नगर निगम प्रशासन ने फायर कर्मियों के त्वरित एवं साहसपूर्ण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए फायर अमला 24 घंटे सतर्क एवं तैयार रहता है।






