निशातपुरा पुलिस ने 20 सूचीबद्ध चाकूबाजों की थाने में कराई परेड

निशातपुरा पुलिस ने 20 सूचीबद्ध चाकूबाजों की थाने में कराई परेड
भोपाल, यशभारत। शहर में चाकूबाजी की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के पालन में थाना निशातपुरा पुलिस ने क्षेत्र के अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने थाना क्षेत्र के सूचीबद्ध और सक्रिय चाकूबाजों को तलब कर थाने में उनकी परेड कराई। इस दौरान कुल 20 सूचीबद्ध चाकूबाज थाने में हाजिर हुए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी अपराधियों के रिकॉर्ड और डोजियर की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही उनकी वर्तमान गतिविधियों और ठिकानों की जानकारी को अपडेट किया गया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने सभी 20 चाकूबाजों को प्रति सप्ताह अनिवार्य रूप से थाने आकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए कानूनी रूप से पाबंद किया है।
थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि थाने में परेड के दौरान अपराधियों को सख्त लहजे में चेतावनी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में हिदायत दी कि आइंदा चाकूबाजी, अवैध हथियार लहराने या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ जिला बदर और रासुका जैसी अत्यंत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







