मध्य प्रदेशराज्य

मंत्री उदय प्रताप की पहल : 4 नए डीपी ट्रांसफार्मर एवं केबल सुधारीकरण कार्य शुरू

साईंखेड़ा यशभारत।  नगर की विद्युत व्यवस्था को मजबूत एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह की पहल पर महत्वपूर्ण कार्यों का शुभारंभ किया गया है। नगर के वार्ड क्रमांक 1, 5, 8 एवं 15 में विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए 4 नए डीपी ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही विद्युत केबल सुधारीकरण के लिए स्वीकृत 10 लाख रुपये की राशि से कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

 

रविवार को वार्ड स्थित खिरका मोहल्ला में नई हैवी विद्युत केबल लाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ किया गया। लंबे समय से इस क्षेत्र के नागरिक बिजली के जर्जर तारों के कारण परेशान थे। आए दिन तार टूटने की घटनाएं होने से न केवल विद्युत आपूर्ति बाधित होती थी, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। क्षेत्रवासियों द्वारा इस समस्या की शिकायत नगर परिषद एवं विद्युत विभाग से लगातार की जा रही थी।

मंत्री उदय प्रताप सिंह के प्रयासों से स्वीकृत इस कार्य के शुरू होने पर नागरिकों ने राहत की सांस ली है। नए डीपी ट्रांसफार्मरों की स्थापना से संबंधित वार्डों में ओवरलोडिंग की समस्या समाप्त होगी, जिससे बार-बार होने वाले विद्युत व्यवधानों में कमी आएगी। वहीं नई हैवी केबल लाइन से विद्युत व्यवस्था अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनेगी।

 

जानकारी के अनुसार नगर के मुख्य मार्गों एवं आवश्यकता वाले क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से नवीन केवलीकरण का कार्य विद्युत विभाग द्वारा किया जाएगा, जिससे पूरे नगर की विद्युत व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।

 

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सचिन अग्रवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कीरत सिंह पटेल, नगर परिषद सभापति एवं पार्षद ओमप्रकाश पटेल तथा भाजपा कार्यकर्ता मनजीत पटेल उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी विकास कार्यों की गति बनी रहेगी।

 

क्षेत्र के नागरिकों ने मंत्री उदय प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी तत्परता एवं जनहितैषी सोच के कारण नगर की वर्षों पुरानी बिजली संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो रहा है। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार विकास कार्यों के माध्यम से नगर को नई सौगातें मिलती रहेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button