एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने आंदोलन का किया ऐलान : 2 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल का अल्टीमेटम

यशभारत डिंडोरी । राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा कर दी है। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ मध्यप्रदेश द्वारा जारी ज्ञापन में बताया गया है कि लंबे समय से कर्मचारियों की मांगों पर शासन स्तर पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिसके चलते अब प्रदेशभर के साथ डिंडौरी जिले में भी आंदोलन किया जाएगा।
संघ द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा हिस्सा संविदा कर्मचारियों के भरोसे संचालित हो रहा है। कोविड-19 महामारी सहित विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों में कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में निष्कासित कर्मचारियों की बहाली, नियमितीकरण नीति लागू करना, 90 प्रतिशत वेतन वृद्धि, स्वास्थ्य बीमा सुविधा, अनुकंपा नियुक्ति तथा समान कार्य के लिए समान वेतन जैसी मांगें शामिल हैं।
संघ ने आंदोलन की रूपरेखा भी जारी की है। इसके तहत 25 मई से 27 मई तक जिले के सभी कर्मचारी काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। 29 और 30 मई को कलेक्टर, सीएमएचओ और बीएमओ को ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं 31 मई से 1 जून तक जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देकर समर्थन मांगा जाएगा।
इसके बाद 2 जून से जिले के समस्त कर्मचारी विभागीय कार्यों का बहिष्कार करते हुए ऑनलाइन कार्य पूरी तरह बंद करेंगे। आंदोलन के अगले चरण में 8 जून को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की चेतावनी भी दी गई है।
संघ के जिला पदाधिकारियों ने कहा कि यदि शासन द्वारा उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।







