भीषण पेय जल संकट :पानी की टंकी गुणवत्ता विहीन ,पाइप लाइन निर्माण कार्य में भारी लापरवाही
पानी की समस्या को लेकर जनपद पंचायत अध्यक्ष के समक्ष लामबंद हुए ग्रामीण

यशभारत, डिंडोरी ।जनपद पंचायत करंजिया अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरिया के पोषक ग्राम ददरगाँव में पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया जिसमें गांव के अधिकांश ग्रामीण एकजुट होकर जनपद पंचायत करंजिया के अध्यक्ष राजू सिंह उद्दे के समक्ष पहुंचे और जलसंकट के लिए निर्माण एजेंसी एवं ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बनाई गई पानी की टंकी गुणवत्ता विहीन है तथा पाइप लाइन निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती गई है। कई स्थानों पर पाइप लाइन खराब पड़ी है, जिसके कारण लोगों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य लगभग दो वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है और आज तक गांव में सुचारु पेयजल व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी।
भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें दूर- दूर के हैंडपम से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण में निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया, जिससे योजना शुरू होने से पहले ही खराब हो गई।
मौके पर पहुंचे जनपद पंचायत अध्यक्ष राजू सिंह उद्दे ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं ताकि लोगों को शुद्ध और पर्याप्त पानी मिल सके, लेकिन यदि कोई ठेकेदार घटिया एवं गड़बड़ीपूर्ण कार्य करता है तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनता के पैसों का दुरुपयोग किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द अधूरे कार्य को पूर्ण कर गांव में पेयजल व्यवस्था सुचारु कराई जाए।







