Jabalpur News सीएम हेल्पलाइन में शिक्षा विभाग सहित 7 विभाग लापरवाहः कलेक्टर ने कहा सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करो
किताबों के रेट ज्यादा पाए जाने पर दुकान को सील कर दो

जबलपुर, यशभारत। मुख्यमंत्री हेल्प लाइन योजना को लेकर जबलपुर शिक्षा विभाग सहित 7 विभाग बेपरवाह साबित हुए हैं। कलेक्टर ने सभी प्रमुख अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब पेश करने को कहा है। कलेक्टर ने उन कापी पुस्तकों दुकानों को सील करने को कहा जहां तय रेट से ज्यादा पर कापी-किताब बिक्री की जा रही है।
कलेक्टर डाॅ इलैयाराजा टी. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ सलोनी सिडाना,अपर कलेक्टर राजेश बाथम, शेर सिंह मीणा, सुश्री विमलेश सिंह एवं सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में कलेक्टर इलैयाराजा ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन व लंबित पत्रों की विभागवार समीक्षा कर कहा कि एक-एक प्रकरणों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण करना सुनिश्चित करें। कोई भी प्रकरण बिना अटेंड किये व निराकरण निम्न गुणवत्ता का न हो। समाधान आॅनलाइन व 100 दिन से अधिक के प्रकरणों पर गंभीरता से समीक्षा कर शीघ्र निराकरण करने के साथ कहा कि प्रकरणों को गंभीरता से समझें और संतुष्टिपूर्वक निराकरण करें।
लंबित शिकायतों के कम निराकरण करने पर आदिम जाति कल्याण, जल संसाधन, उद्यानिकी, सहकारिता, चिकित्सा शिक्षा, पीएचई व माइनिंग के अधिकारियों को शोकाॅज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एसी ट्राइबल द्वारा एक भी शिकायत का निराकरण नहीं करने पर उनके एक दिन के वेतन काटने के साथ ही उन्हें हटाने के लिए डीईओ लेटर तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि कि ग्रीष्म काल में सभी हैंडपंप चालू हालत में हो। उन्होंने कहा कि नगरी निकाय में पीएम आवास के लिए डीपीआर तैयार कर लें ताकि जितने भी पात्र नाम छूटे हैं उन्हें जोड़ा जा सके और जिन नगरीय निकायों के डीपीआर तैयार नहीं किया है उन्हें नोटिस भी जारी करें। स्वच्छता सर्वेक्षण का काम भी हो रहा है अतः सभी अधिकारी अपने-अपने आॅफिस को साफ स्वच्छ रखें।
अवैध रेत पर कार्रवाई करे माइनिंग विभाग
उन्होंने कहा कि खाद्यान्न, फसल बीमा व स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का निराकरण तत्परता से करें। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किताबों के रेट को लेकर जो गड़बड़ी की शिकायत आ रही उस पर कार्यवाही करें अन्यथा छापामारी कार्यवाही कर दुकान को बंद करा दे। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान व परिवार नियोजन से संबंधित लंबित प्रकरणों पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि अगले टीएल में फैल ट्रांजैक्शन को लेकर ट्रेजरी, श्रम तथा स्वास्थ्य विभाग का प्रेजेंटेशन होगा। उन्होंने जीएम डीआईसी को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में शीघ्र प्रगति लाएं। माइनिंग अधिकारी से कहा कि अवैध रेत पर कार्यवाही करें जहां रेत डंप हैं, उन्हें जप्त करें। बैठक के दौरान कलेक्टर ने कहा कि गेहूं उपार्जन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करें। आरटीओ निजी एंबुलेंस संचालकों की बैठक कर रेट चस्पा कराये।
7 अप्रैल को दिव्यांगजन शिविर
7 अप्रैल को मानसिक दिव्यांगजनों के शिविर बारे में जानकारी देकर कहा कि उक्त शिविर में मेडिकल बोर्ड द्वारा मेडिकल सर्टिफिकेट भी बनाया जाएगा साथ ही आधार व समग्र का कैंप भी स्थापित किया जाएगा और दिव्यांग जनों के हित में काम किया जाएगा। बैठक में एसटी-एससी जाति प्रमाण पत्र का काम समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।इस दौरान कलेक्टर ने अंतर्विभागीय मुद्दों पर चर्चा करते हुए कहा कि अधिकारी आपस में बैठकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि लंबित प्रकरण व हेल्पलाईन की शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता से करें।







