यशभारत ब्रेकिंग : खेलते-खेलते मासूम ने पकड़ लिया विद्युत पोल का तार, करंट लगने से दर्दनाक मौत;
गांव में पसरा मातम

जबलपुर,यशभारत। गौर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम गौर कुडरिया में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। घर के बाहर खेल रहे बच्चे की अचानक हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल व्याप्त है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गौर कुडरिया निवासी संदीप कनौजिया का सात वर्षीय पुत्र श्लोक कनौजिया सुबह घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे के पास पहुंच गया। बताया जा रहा है कि खंभे को सहारा देने के लिए लगाए गए सपोर्टिंग तार में किसी कारणवश करंट प्रवाहित हो रहा था। अनजाने में मासूम ने जैसे ही उस तार को पकड़ा, वह उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गया।
बच्चे की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल करंट के प्रभाव से अलग कर आनन-फानन में उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजन इस उम्मीद में थे कि समय रहते बच्चे की जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मासूम को मृत घोषित किए जाने की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर गौर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। प्रारंभिक तौर पर बिजली के खंभे के सपोर्टिंग तार में करंट आने की बात सामने आ रही है। पुलिस के साथ-साथ विद्युत विभाग से भी मामले की जांच कराई जा रही है कि आखिर सुरक्षा के लिए लगाए गए तार में करंट कैसे प्रवाहित हुआ।
मासूम श्लोक की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली व्यवस्था का नियमित निरीक्षण किया जाता और सुरक्षा मानकों का पालन होता तो शायद यह हादसा टल सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में हर किसी की जुबान पर मासूम श्लोक की दर्दनाक मौत की चर्चा है।







