सरपंच प्रतिनिधि पर विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने किया हमला : हालत गंभीर; ग्रामीणों में भारी आक्रोश… देखें पूरा वीडियो

सागर, यशभारत l सागर जिले के बंडा तहसील अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां ग्राम पंचायत बरा के सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी के साथ विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर बेदर्मी से मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी किसी निजी कार्य से अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और मोटरसाइकिल से नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें पीड़ित को पीटते हुए देखा जा सकता है।
गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह लक्ष्मण सिंह को बचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
अस्पताल में उपचाराधीन लक्ष्मण सिंह ने विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों पर सीधे आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग के जेई संजय भारती, आशीष पांडे, गोलू सेन और इमरान खान ने मिलकर उनके साथ मारपीट की है।
पूर्व विधायक पहुंचे हाल जानने, शासन-प्रशासन पर उठाए सवाल
घटना की खबर मिलते ही पूर्व विधायक तरवर सिंह अस्पताल पहुंचे और घायल लक्ष्मण सिंह का हाल-चाल जाना। उन्होंने इस घटना पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि लक्ष्मण सिंह हमेशा ग्रामीणों की समस्याओं और हक के लिए आवाज उठाते रहे हैं। जनप्रतिनिधि पर इस तरह हमला होना लोकतंत्र और कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित की आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
सरेराह हुई इस गुंडागर्दी और वीडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस की ढीली कार्रवाई को लेकर जनता में नाराजगी है। अब देखना यह होगा कि पीड़ित पक्ष की लिखित शिकायत और वायरल वीडियो साक्ष्य के आधार पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ क्या सख्त कदम उठाती है।







