पत्नी के गई मायके पति ने लगाया मौत को गले,सुबह पिता ने देखा फंदे पर लटका शव
घर में मचा कोहराम

जबलपुर यशभारत। जिले के चरगंवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरखेड़ा ग्राम में एक 30 वर्षीय युवक ने पत्नी के मायके चले जाने से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब पिता की नजर कमरे में गई तो बेटा फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार युवक बरखेड़ा निवासी 30 वर्षीय विकास झारिया पिता भाई लाल झारिया की शादी 7 माह पहले हुई थी उसकी पत्नी कुछ दिनों पूर्व मायके चली गई थी जिससे वह कुछ दिनों से पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। इसी बात को लेकर युवक मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बीती रात उसने घर के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
सुबह जब पिता बेटे को उठाने कमरे में पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। युवक का शव फंदे पर झूल रहा था। परिजनों ने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।






