गुप्ता भोजनालय में बियर बार पर पुलिस की रेड, बस स्टेंड क्षेत्र में सीएसपी ने की कार्रवाई, मचा हडक़म्प, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

कटनी, यशभारत। बस स्टैंड क्षेत्र में भोजनालयों की आड़ में अवैध गतिविधियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को बस स्टैंड चौकी के पीछे स्थित गुप्ता भोजनालय में कथित रूप से ग्राहकों को बैठाकर शराब परोसे जाने की सूचना मिलने पर सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह एवं पुलिस टीम के साथ अचानक दबिश दी, जिससे मौके पर हडक़ंप मच गया। टीम ने जैसे ही कार्रवाई शुरू की, भोजनालय के अंदर मौजूद कई लोग मौके से भाग निकले, जबकि कुछ ने जल्दबाजी में अपना सामान छोड़ दिया। सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने बताया कि बस स्टेंड क्षेत्र स्थित गुप्ता भोजनालय में ग्राहकों को बैठाकर शराब परोसे जाने की शिकायतें पिछले कुछ समय से लगातार मिल रही थी, जिसकी तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया में लगातार सामने आ रही थी। जिस पर गुप्ता भोजनालय में रेड कार्रवाई की गई। इस दौरान गुप्ता भोजनालय से शराब और बियर की बोतलें जब्त करते हुए कार्रवाई की गई है।
कई सालों से चल रहा अवैध कारोबार
स्थानीय लोगों ने कहा कि बस स्टैंड जैसे व्यस्त सार्वजनिक क्षेत्र में स्थित गुप्ता भोजनालय में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियां संचालित की रही थीं, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। नागरिकों ने आरोप लगाया कि पहले भी इस तरह की शिकायतें की गई थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिलता रहा। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का संचालन सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन रहा है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भोजनालय संचालक से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों की मांग है कि ऐसे अवैध कारोबार पर स्थायी रूप से रोक लगाई जाए, ताकि बस स्टैंड क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।







