राहगीरी डे को लेकर शहर में उत्साह, तैयारियां अंतिम चरण में
गर्ग चौराहा से कारगिल चौक कल 24 मई की सुबह सजेगा फिटनेस, स्वच्छता और जनजागरूकता का महाआयोजन

राहगीरी डे को लेकर शहर में उत्साह, तैयारियां अंतिम चरण में
गर्ग चौराहा से कारगिल चौक कल 24 मई की सुबह सजेगा फिटनेस, स्वच्छता और जनजागरूकता का महाआयोजन

कटनी ,यशभारत।
शहर में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘राहगीरी डे’ का सातवां संस्करण इस बार 24 मई को गर्ग चौराहा से कारगिल चौक मार्ग पर आयोजित किया जाएगा। सुबह 7:00 बजे से 8:30 बजे तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर नगर निगम ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
नगर पालिक निगम कटनी द्वारा कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पेयजल, साफ-सफाई और विभिन्न गतिविधियों के संचालन से जुड़ी तैयारियों का अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण कर जायजा लिया, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है, बल्कि उन्हें स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है। कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक प्रतिबंध, स्वच्छता संदेश और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इसके साथ ही योग, साइकिल रेस, जुंबा, स्केटिंग, रस्सी कूद, चम्मच-नींबू दौड़, म्यूजिकल चेयर, केरम और शतरंज जैसी खेल प्रतियोगिताएं भी होंगी। बच्चों और युवाओं के लिए घुड़सवारी, रंगोली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मैजिक शो भी आयोजन को आकर्षक बनाएंगे।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि ‘राहगीरी डे’ अब एक साधारण कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहर में स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर जनभागीदारी का एक प्रभावी अभियान बन चुका है, जिसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी लगातार बढ़ रही है।









