सिंह से मीन राशि तक बदलेगी किस्मत,करियर-धन और विवाह पर दिखेगा बड़ा असर
गुरु के उच्च राशि में आने से बनेगा ‘विष्णु लक्ष्मी योग देशभर में बढ़ेगी सकारात्मकता

जबलपुर, यश भारत। यश भारत प्राइम टाइम विथ आशीष शुक्ला के दूसरे विशेष एपिसोड में गुरु ग्रह के राशि परिवर्तन और उसके प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में ज्योतिषाचार्य एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी मनोहर वर्मा ने कर्क से लेकर मीन राशि तक के लोगों पर गुरु गोचर के प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 2 जून से गुरु अपनी उच्च राशि कर्क में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे अधिकांश राशियों के लिए सकारात्मक और उन्नति देने वाले योग बन रहे हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत में मनोहर वर्मा ने कहा कि जिन लोगों की कर्क राशि या कर्क लग्न है, उनके लिए यह समय बेहद शुभ रहेगा। गुरु उनके लग्न भाव में प्रवेश करेंगे, जिससे बुद्धि, भाग्य, परिवार और वैवाहिक जीवन मजबूत होगा। विवाह और संतान प्राप्ति के योग बनेंगे तथा खेल और शिक्षा के क्षेत्र में भी सफलता मिलेगी।
सिंह राशि वालों के लिए गुरु बारहवें भाव में रहेंगे। वर्मा के अनुसार रिसर्च, पीएचडी, विदेश यात्रा और होटल-रियल स्टेट कारोबार में लाभ मिलेगा। हालांकि खर्च और ऋण बढ़ने की संभावना रहेगी, इसलिए आर्थिक नियंत्रण जरूरी होगा। बुजुर्गों की सेवा करने वालों को पैतृक संपत्ति और बीमा से लाभ मिलने के संकेत भी बताए गए।

कन्या राशि वालों के लिए यह गोचर करियर और पराक्रम बढ़ाने वाला माना गया। पत्रकारिता, कंप्यूटर, एआई, वकालत और खेल से जुड़े लोगों को विशेष सफलता मिलने की बात कही गई। वहीं तुला राशि वालों के लिए गुरु दशम भाव में आकर मान-सम्मान, प्रतिष्ठा और आय में वृद्धि करेंगे। वृश्चिक राशि वालों को भाग्य का साथ मिलेगा और उनकी कम्युनिकेशन स्किल, लेखन और पत्रकारिता में नई पहचान बनेगी।
धनु राशि वालों के लिए रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग और विदेश संबंधी कार्यों में लाभ के योग बताए गए। मकर राशि वालों के लिए गुरु सप्तम भाव में रहकर समाज में प्रतिष्ठा, रिश्तों और कार्यक्षमता को मजबूत करेंगे। कुंभ राशि वालों को स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई, लेकिन नौकरी और प्रमोशन में सफलता के संकेत दिए गए। वहीं मीन राशि वालों के लिए यह पूरा वर्ष अत्यंत शुभ बताया गया। धर्म, ज्ञान, भाग्य और सफलता के नए अवसर मिलने की संभावना जताई गई।
कार्यक्रम के अंत में मनोहर वर्मा ने कहा कि गुरु का यह गोचर विष्णु लक्ष्मी योग बना रहा है, जो सकारात्मकता और उन्नति का संकेत है। उन्होंने लोगों से चिंता कम कर मेहनत और सकारात्मक सोच पर ध्यान देने की अपील की। आशीष शुक्ला ने भी कहा कि गुरु के इस परिवर्तन से लोगों में उम्मीद और आत्मविश्वास का माहौल बनेगा।







